RANCHI : विधायक Saryu Roy से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक मामले में नया मोड़ सामने आया है. अभियोजन पक्ष ने दस्तावेज की फोटो खींचने वाले कर्मचारी शंभू सिंह को भी आरोपी बनाने की मांग की है. इसके लिए एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में सीआरपीसी की धारा 319 के तहत याचिका दाखिल की गई है.
इसे भी पढ़ें : पेपर लीक से बढ़ा तनाव, कोडरमा की होनहार छात्रा की मौत से सनसनी
अभियोजन पक्ष का कहना है कि मामले में चार गवाहों ने अपने बयान में बताया है कि उन्होंने शंभू सिंह को सरकारी गोपनीय दस्तावेजों की फोटो खींचते हुए देखा था. गवाहों के बयानों के आधार पर कोर्ट से उसे आरोपी बनाने की अनुमति मांगी गई है.
मामले में अब तक अनुसंधानकर्ता समेत 12 गवाहों की गवाही दर्ज की जा चुकी है. अभियोजन पक्ष का मानना है कि उपलब्ध साक्ष्य शंभू सिंह की भूमिका की जांच और उसे आरोपी बनाए जाने के लिए पर्याप्त हैं.
बता दें कि मई 2022 में स्वास्थ्य विभाग के तत्कालीन अवर सचिव ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी में सरयू राय पर गोपनीय दस्तावेज हासिल कर उन्हें सार्वजनिक करने का आरोप लगाया गया था.
दरअसल, सरयू राय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन दस्तावेजों के आधार पर कोरोना काल में कोविड प्रोत्साहन राशि के वितरण में अनियमितता और कथित घोटाले का आरोप लगाया था. उन्होंने उस समय स्वास्थ्य मंत्री रहे Banna Gupta पर नियमों की अनदेखी करते हुए करीब 60 लोगों को अवैध रूप से राशि भुगतान करने का आरोप लगाया था.
फिलहाल मामले की सुनवाई जारी है. अब सभी की नजर कोर्ट के उस फैसले पर है जिसमें शंभू सिंह को आरोपी बनाए जाने की मांग पर निर्णय लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : झारखंड वोटर लिस्ट अपडेट माता-पिता के नाम से ही होगी मैपिंग
