RANCHI : तुपुदाना क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और घटना की विस्तृत जानकारी ली. प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों का दुख-दर्द साझा करते हुए कहा कि इस जघन्य घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है. महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि यह घटना महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि बच्ची को घर से ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. परिजनों ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय उसे दबाने और लीपापोती करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया.

निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
भाजपा महिला मोर्चा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की. साथ ही बच्ची को घर से ले जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, सभी आरोपियों पर पॉक्सो सहित कठोर कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की मांग उठाई. महिला मोर्चा ने कहा कि यदि स्थानीय पुलिस निष्पक्ष जांच करने में विफल रहती है तो मामले की जांच सीबीआई अथवा किसी अन्य स्वतंत्र उच्चस्तरीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए.
भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट कहा कि बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक या प्रशासनिक हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा. दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए संगठन सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा.
इसे भी पढ़े : SBI कार्ड का झांसा देकर ठगी करने वाला नसरुद्दीन अंसारी अरेस्ट
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, शोभा यादव, सीमा सिंह, शुचिता सिंह, नीलम चौधरी, बबीता वर्मा, सुप्रिया दुबे, अर्चना सिंह और सविता लिंडा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थीं.
