RANCHI : राजधानी रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम में आईपीएल की तर्ज पर झारखंड टी20 लीग का आगाज़ होने जा रहा है. इस लीग के जरिए राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा अवसर मिलेगा. महेंद्र सिंह धोनी, शाहबाज नदीम, सौरव तिवारी और वरुण आरोन जैसे खिलाड़ियों के बाद झारखंड के युवाओं ने साबित किया है कि यह राज्य सिर्फ खनिज और प्राकृतिक संसाधनों के लिए ही नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रतिभा के लिए भी जाना जाता है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
इन्हीं उभरती प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें निखारने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन रांची में टी20 झारखंड लीग का आयोजन करने जा रहा है.

6 पुरुष और 3 महिला टीमें लेंगी हिस्सा
IPL की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस लीग में कुल 6 पुरुष और 3 महिला टीमें हिस्सा लेंगी. टीमों के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, जबकि मुकाबलों का आगाज़ जून महीने में होने की संभावना है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी ने बताया कि नई कमेटी के गठन के बाद झारखंड में लगातार बड़े और घरेलू क्रिकेट आयोजनों को बढ़ावा मिल रहा है. टूर्नामेंट में जहां 6 पुरुष टीमें मैदान में उतरेंगी, वहीं 3 महिला टीमें भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी.
आईपीएल तक पहुंचने का सुनहरा मौका
संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने बताया कि झारखंड में पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित क्रिकेट लीग का आयोजन हो रहा है, जो युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच देगा. उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए खिलाड़ियों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का रास्ता भी खुल सकता है.

महेंद्र सिंह धोनी, शाहबाज नदीम, सौरव तिवारी और वरुण आरोन जैसे खिलाड़ियों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अब नई पीढ़ी मैदान में उतरने को तैयार है. पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमों के साथ आयोजित यह फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट न केवल क्रिकेट का रोमांच बढ़ाएगा, बल्कि झारखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर और आईपीएल तक पहुंचने का मजबूत अवसर भी प्रदान करेगा.
