रामगढ़ : रामगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में बंद पड़ी खदान से जहरीली गैस रिसाव होने के कारण चार लोगों की मौत हो गई. यह घटना रामगढ़ वन क्षेत्र के चपरी-बुमरी इलाके में हुई, जहां कुछ लोग कोयला निकालने के लिए बंद खदान में उतरे थे.
इसे भी पढ़ें : रांची में बोरिंग पर सख्ती, NOC के बिना नहीं होगी खुदाई, 5000 रुपये शुल्क अनिवार्य
मिली जानकारी के अनुसार, खदान के अंदर अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया. गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण खदान में मौजूद लोग बेहोश हो गए. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस तथा CCL अधिकारियों को जानकारी दी गई.
रेस्क्यू अभियान के बाद चार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया. रामगढ़ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि दो लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है.
मृतकों की पहचान छोटकी टोंगी सिरका अरगड्डा निवासी देवा कुमार बेदिया और डब्ल्यू बेदिया तथा सिरका बुध बाजार निवासी आशीष रजवार और किशोर रवानी के रूप में हुई है.
माइंस सुपरिटेंडेंट विकास कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद 12 सदस्यीय टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई. जांच में खदान के अंदर जहरीली गैस की मौजूदगी और ऑक्सीजन की गंभीर कमी पाई गई.
घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. रामगढ़ SDO कृष्ण मुरारी तिर्की और कार्यपालक दंडाधिकारी अंबिका कुमारी की निगरानी में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जा रही है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि रामगढ़ वन क्षेत्र के बुमरी-गिद्दी इलाके में कई बंद खदानें मौजूद हैं, जहां समय-समय पर अवैध खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं. CCL द्वारा ऐसे मामलों में कार्रवाई भी की जाती रही है. प्रशासन ने लोगों से बंद खदानों में प्रवेश नहीं करने और अवैध खनन से दूर रहने की अपील की है. घटना के बाद इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.
इसे भी पढ़ें : दिऊड़ी मंदिर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, राज्य की सुख-समृद्धि और विकास के लिए की विशेष पूजा
