RANCHI : झारखंड के पारा शिक्षकों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य के 7,299 पदों पर नियुक्ति के लिए झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत पारा शिक्षकों को नियमित नियुक्ति का अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में मानसून मेहरबान, कई जिलों में आज भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से शुरू होगी और 30 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे. अभ्यर्थी 1 सितंबर की मध्यरात्रि तक परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकेंगे. वहीं फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन पत्र का प्रिंटआउट लेने के लिए 3 सितंबर तक लिंक उपलब्ध रहेगा.
भर्ती प्रक्रिया के तहत 6,109 पदों पर नियमित नियुक्ति और 1,190 पदों पर बैकलॉग नियुक्ति की जाएगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के लिए एनसीटीई द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ संबंधित कक्षाओं के लिए जेटेट (JTET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा.हालांकि सीटेट (CTET) या झारखंड के पड़ोसी राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण पारा शिक्षक भी इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.

ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति के बाद तीन वर्षों के भीतर और पहले उपलब्ध अवसर में जेटेट पास करना होगा.इस भर्ती विज्ञापन के जारी होने के बाद राज्य के हजारों पारा शिक्षकों में उत्साह का माहौल है. लंबे समय से नियमित नियुक्ति की मांग कर रहे पारा शिक्षकों को अब स्थायी नौकरी की उम्मीद जगी है.
इसे भी पढ़ें : NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन कल, रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय का होगा घेराव
