RANCHI : NEET पेपर लीक मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने 23 जुलाई को राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. इसके तहत रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव किया जाएगा. वहीं राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : JPSC घेराव से पहले तमाड़ में रोके गए भाजयुमो कार्यकर्ता, सड़क पर धरने पर बैठे
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि यह आंदोलन तीन प्रमुख मांगों को लेकर किया जा रहा है. कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने और NEET पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा कराने की मांग की है.
सोनाल शांति ने कहा कि देश का युवा और छात्र वर्ग अपने भविष्य को लेकर चिंतित है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उनके खिलाफ सख्ती का रवैया अपना रही है. उनका कहना है कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है.
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया. साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के साथ भी गलत व्यवहार किया गया.उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार छात्रों के मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है.
इसे भी पढ़ें : तलाक के बाद पत्नी को नहीं छोड़ सकते बेसहारा, झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
