RANCHI : झारखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्य में जनगणना को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. इसके अनुसार, झारखंड में जनगणना का काम 16 मई 2026 से शुरू होकर 14 जून 2026 तक चलेगा. इस दौरान कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी इकट्ठा करेंगे, जिसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, शिक्षा, रोजगार और अन्य जरूरी विवरण शामिल होंगे. खास बात यह है कि इस बार लोगों को स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है. यानी अब आप खुद से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं. स्वगणना की प्रक्रिया 1 मई से 15 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें लोग ऑनलाइन या तय माध्यम से बिना किसी अधिकारी के घर आए अपनी जानकारी भर सकते हैं. इससे प्रक्रिया और भी आसान और तेज होने की उम्मीद है.
इसे भी पढें : लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरा, 54 वोट से नहीं मिला बहुमत
इस फैसले का असर चुनावी तैयारियों पर भी पड़ेगा. अब पहले जनगणना कराई जाएगी और उसके बाद ही मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR शुरू होगा. पहले यह प्रक्रिया अप्रैल-मई में शुरू होने वाली थी, लेकिन अब प्राथमिकता बदल दी गई है.झारखंड में अभी तक करीब 72 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है. राज्य में कुल लगभग 2.65 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से करीब 1.93 करोड़ की पहचान हो चुकी है. पाकुड़ जिला इस काम में सबसे आगे है. हालांकि अभी भी 28 प्रतिशत मतदाता ऐसे हैं जिनकी स्थिति साफ नहीं है कुछ लोग दूसरी जगह जा चुके हैं, कुछ के दस्तावेज अधूरे हैं. ऐसे लोगों को अपनी सही जानकारी और दस्तावेज देना जरूरी होगा, तभी उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
इसे भी पढें :बोकारो एसपी हरविंदर सिंह का तबादला, झारखंड में 46 आईपीएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल
