रांची : भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन ओरमांझी-गोला एक्सप्रेस-वे का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. परियोजना के अंतिम चरण का काम तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि अगले वर्ष तक इस एक्सप्रेस-वे को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा.

तापे गांव के पास अंडरपास बनकर तैयार
एक्सप्रेस-वे पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए ओरमांझी के तापे गांव के पास नया अंडरपास भी तैयार हो चुका है. इस व्यवस्था के तहत वाहन अंडरपास से होकर एक्सप्रेस-वे पर चढ़ सकेंगे.वहीं नीचे की सर्विस रोड के माध्यम से स्थानीय लोग सीधे रामगढ़ की ओर जा सकेंगे, जबकि एक्सप्रेस-वे से गोला की दिशा में तेज और निर्बाध सफर संभव होगा.
रायपुर-धनबाद कॉरिडोर का अहम हिस्सा
यह एक्सप्रेस-वे भारतमाला परियोजना के रायपुर-धनबाद आर्थिक कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसे चार लेन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क के साथ-साथ यातायात भी अधिक सुगम होगा.
732 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 27.84 किमी सड़क
इस परियोजना के तहत ओरमांझी से गोला तक 27.84 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है. इस पर करीब 732 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. परियोजना पूरी होने के बाद लोग गोला होते हुए सीधे जैनामोड़ तक पहुंच सकेंगे. वहां से पहले से मौजूद फोरलेन सड़क के जरिए चास, धनबाद और अन्य क्षेत्रों की यात्रा भी पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी.
यात्रा के साथ कारोबार को भी मिलेगा लाभ
एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बाद रांची, रामगढ़, गोला और धनबाद के बीच यात्रा का समय कम होगा. साथ ही माल ढुलाई तेज होने से परिवहन लागत में कमी आएगी, जिससे व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढें :रांची में अवैध कब्जों और नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम की सख्ती, तीन दिन का अल्टीमेटम
