RANCHI : झारखंड में प्रशासनिक कवायद के तहत पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं. शुक्रवार देर शाम जारी आदेश में 17 आईएएस और 46 आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर की घोषणा की गई. इस फेरबदल के तहत कई जिलों में नए एसपी और डीसी की तैनाती की गई है, साथ ही कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं.
आईपीएस अधिकारियों की सूची में आईजी स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं. सरकार ने कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है. लंबे समय से पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं प्रशिक्षण पूरा कर चुके अधिकारियों को एसडीपीओ के रूप में तैनात किया गया है.
इसे भी पढ़ें : मेघा भारद्वाज पाकुड़ और लोकेश मिश्रा गोड्डा के DC नियुक्त, 17 जिलों में प्रशासनिक फेरबदल
अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए
जारी अधिसूचना के मुताबिक, एडीजी (सीआईडी) मनोज कौशिक को मुख्यालय एडीजी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है. पंकज कम्बोज, जो झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एमडी हैं, उन्हें आईजी (मानवाधिकार) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. नरेंद्र कुमार सिंह को पलामू जोन का आईजी नियुक्त करते हुए आईजी (अभियान) की भी जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा, ऋषभ कुमार झा को जेएपी-4 के साथ एसआईएसएफ कमांडेंट का प्रभार दिया गया है.
