RANCHI : एशिया के सबसे प्रतिष्ठित और सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप का 135वां संस्करण रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से शानदार अंदाज में शुरू हुआ. पहली बार इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे रांची ने उद्घाटन समारोह से लेकर पहले मुकाबले तक फुटबॉल के रंग में पूरी तरह खुद को रंगा हुआ दिखाया.
इसे भी पढ़ें : JPSC परीक्षा विवाद : ब्लैकलिस्टेड कंपनी को टेंडर क्यों मिला ? CID के सवाल पर उप परीक्षा नियंत्रक नहीं दे सकीं संतोषजनक जवाब
झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया. स्टेडियम में मौजूद हजारों फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह पूरे आयोजन के दौरान देखने लायक रहा. रांची में इस बार ग्रुप सी के मुकाबले खेले जा रहे हैं.
जमशेदपुर एफसी की धमाकेदार शुरुआत
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का सामना श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर्स फुटबॉल क्लब से हुआ. शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाने वाली जमशेदपुर एफसी ने विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया और 5-0 के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस शानदार जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट में मजबूत दावेदारी भी पेश कर दी.

पहली बार रांची बना मेजबान
डूरंड कप का इतिहास वर्ष 1888 से जुड़ा है जब इसका पहला आयोजन शिमला में हुआ था. 135वें संस्करण में पहली बार रांची को मेजबानी का अवसर मिला है. इसे झारखंड के खेल ढांचे और फुटबॉल संस्कृति के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. स्टेडियम में प्रवेश से पहले सभी दर्शकों की सुरक्षा जांच की गई. खास बात यह रही कि मैच देखने के लिए दर्शकों से कोई टिकट शुल्क नहीं लिया गया जिससे बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे.
सेना के प्रदर्शन ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह केवल फुटबॉल तक सीमित नहीं रहा. भारतीय सेना के जवानों ने अनुशासन और शौर्य का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. हेलीकॉप्टर शो और सेना की विशेष प्रस्तुति ने समारोह को और भी यादगार बना दिया. खेल और देशभक्ति के इस अनोखे संगम ने उद्घाटन को खास बना दिया.
झारखंड के लिए बड़ी पहचान
डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने से झारखंड को खेल मानचित्र पर नई पहचान मिली है. आने वाले दिनों में रांची में होने वाले मुकाबलों को लेकर फुटबॉल प्रेमियों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता नजर आ रहा है.
इसे भी पढ़ें : रांची में पानी की बड़ी बर्बादी : 8 किलोमीटर में 10 से अधिक बड़े लीकेज, सालाना ₹34 करोड़ खर्च के बावजूद सड़कों पर बह रहा शुद्ध पेयजल
