RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. राजधानी रांची में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. वहीं, राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में लोहरदगा में सबसे अधिक 29 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक रांची के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.

9 जुलाई को संतालपरगना के गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर और जामताड़ा जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, 12 और 13 जुलाई को रांची, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है. खराब मौसम का असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं पर भी देखने को मिला. इंडिगो की एटीआर 72-600 उड़ान, जो रात करीब 9 बजे रांची पहुंचने वाली थी, रद्द कर दी गई. इसके अलावा दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो की उड़ान करीब सवा घंटे की देरी से पहुंची, जबकि कोलकाता से आने वाली एक अन्य इंडिगो उड़ान भी लगभग एक घंटे विलंब से रांची पहुंची.
उड़ानों में देरी और एक फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. कई यात्रियों की आगे की यात्रा की योजनाएं भी प्रभावित हुईं. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम की स्थिति पर नजर रखने और यात्रा से पहले मौसम व फ्लाइट की जानकारी जांचने की सलाह दी है.
