RANCHI : प्रतिबंधित माओवादी संगठन भाकपा (माओवादी) के 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को अदालत ने 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-3 भूपेश कुमार की अदालत ने विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए उस पर कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है.अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान अपराध की गंभीरता, अवैध हथियारों की मौजूदगी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सजा निर्धारित की. राम प्रसाद लकड़ा को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया था.
सजा सुनाए जाने से पहले दोषी ने अदालत से राहत की अपील की. उसने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने और परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य होने का हवाला देते हुए कम सजा देने की गुहार लगाई. हालांकि, अभियोजन पक्ष ने उसके लंबे आपराधिक इतिहास और माओवादी संगठन में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका का हवाला देते हुए कठोर सजा की मांग की.
चार धाराओं में सजा, सभी कारावास एक साथ चलेंगे
अदालत ने राम प्रसाद लकड़ा को आर्म्स एक्ट और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट (सीएलए) एक्ट की चार धाराओं के तहत दोषी ठहराया. आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए) और धारा 26(2), सहपठित धारा 35 के तहत उसे 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 30-30 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई. वहीं, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), सहपठित धारा 35 और सीएलए एक्ट की धारा 17 के तहत तीन-तीन वर्ष का कारावास और 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
"झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर को 10 साल की सजा"
झारखंड के गुमला में 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को अदालत ने 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
साथ ही, उस पर ₹80,000 का जुर्माना भी लगाया गया है। (1/2) https://t.co/oribUxAcCa
— Jharkhand Police (@JharkhandPolice) November 21, 2026
जुर्माना नहीं देने की स्थिति में अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा. अदालत ने सभी मुख्य सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया है. ऐसे में राम प्रसाद लकड़ा को प्रभावी रूप से 10 वर्ष जेल में बिताने होंगे. हालांकि, पहले से न्यायिक हिरासत में बिताई गई अवधि का समायोजन सजा में किया जाएगा.
अभियोजन पक्ष ने पेश किए 17 गवाह
मामले में दोष साबित करने के लिए अभियोजन पक्ष ने कुल 17 गवाह अदालत के सामने प्रस्तुत किए. इनमें मुठभेड़ में शामिल पुलिस अधिकारी, अनुसंधानकर्ता और चिकित्सीय विशेषज्ञ शामिल थे. तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक अभियान पवन कुमार सिंह और थाना प्रभारी धर्मपाल कुमार ने भी गवाही दी. अभियोजन पक्ष ने प्राथमिकी, जब्ती सूची, विशेषज्ञ रिपोर्ट और अभियोजन स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज अदालत में पेश किए. इन गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच के बाद अदालत ने राम प्रसाद लकड़ा को दोषी करार दिया और सजा सुनाई.
2015 में कटकाही नाला जंगल से हुई थी गिरफ्तारी
राम प्रसाद लकड़ा की गिरफ्तारी 11 जून 2015 को चैनपुर थाना क्षेत्र के कटकाही नाला जंगल में पुलिस अभियान के दौरान हुई थी. गुप्त सूचना के आधार पर तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक पवन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में अभियान चलाया था. इस दौरान पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस ने राम प्रसाद लकड़ा के साथ उसके दो सहयोगियों जीवन तिर्की और फ्रांसिस खलखो को गिरफ्तार किया था.
पुलिस के मुताबिक, मौके से छह नियमित राइफल, करीब 300 कारतूस, विस्फोटक सामग्री और नक्सली पोशाक बरामद की गई थी. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राम प्रसाद लकड़ा करीब 22 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय था. करीब एक दशक पुराने इस मामले में अदालत का फैसला माओवादी गतिविधियों, अवैध हथियारों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अपराधों पर कानूनी कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
