RAMGARH : राधा गोविंद यूनिवर्सिटी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. यूनिवर्सिटी पर कथित तौर पर फर्जी डिग्रियां बांटने और शैक्षणिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप लग रहे हैं. लगातार छापेमारी और जांच की खबरों के बीच अब एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी की रिपोर्ट भी उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री तक पहुंच चुकी है. रिपोर्ट में यूनिवर्सिटी की कार्यप्रणाली से जुड़ी कई संदिग्ध गतिविधियों का उल्लेख होने की बात सामने आ रही है. यहां तक कि कार्रवाई की स्थिति में यूनिवर्सिटी की मान्यता रद्द होने की आशंका भी जताई जा रही है.
लेकिन इस पूरे विवाद के बीच 11 नवंबर 2026 को रामगढ़ के टायर मोड़, मुर्रामकलाँ में नवनिर्मित राधा गोविंद हॉस्पिटल का उद्घाटन समारोह भी चर्चा में आ गया. समारोह में अस्पताल के संस्थापक बैद्यनाथ शाह (बी.एन. शाह) ने झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद के स्वागत के दौरान उनके पैरों में झुककर दंडवत प्रणाम किया. अब इस दृश्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब इसी संस्थान की यूनिवर्सिटी गंभीर आरोपों के घेरे में है, तब सरकार की कार्रवाई कहां तक पहुंची है?

33 अभ्यर्थियों की सफलता के बाद उठे सवाल, जांच कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट
दरअसल, राधा गोविंद यूनिवर्सिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल तब और गहरे हो गए, जब महिला पर्यवेक्षिका की परीक्षा में एक साथ 33 अभ्यर्थियों के सफल होने का मामला सामने आया. इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने उच्च शिक्षा विभाग से इस पूरे मामले की जांच कराने का आग्रह किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई. विभाग के अपर सचिव के नेतृत्व में बनी इस कमेटी में रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार और एक अन्य पदाधिकारी शामिल थे. कमेटी ने यूनिवर्सिटी से जुड़े दस्तावेजों और शिकायतों की जांच की। अब इस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट विभागीय मंत्री को सौंप दी है.
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान यूनिवर्सिटी की गतिविधियों से जुड़े कई संदिग्ध पहलुओं के प्रमाण मिलने की बात कही जा रही है. छात्रों के नामांकन से लेकर उनकी उपस्थिति दर्ज करने से संबंधित संचिकाओं की भी जांच की गई. रिपोर्ट में कथित तौर पर इस बात का उल्लेख है कि एक ही व्यक्ति हाजिरी बनाने से लेकर दूसरे कार्यों को भी पूरा कर रहा था.

हालांकि, जांच कमेटी की पूरी रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है. ऐसे में रिपोर्ट में दर्ज निष्कर्षों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. बताया जा रहा है कि कमेटी ने कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए अपनी रिपोर्ट सौंपी है. यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो यूनिवर्सिटी की मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है. सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार तीन-चार दिनों के भीतर इस मामले में निर्णय ले सकती है. कार्रवाई होने तक यूनिवर्सिटी की गतिविधियों पर नजर रखे जाने की बात भी कही जा रही है.
जांच रिपोर्ट मंत्री तक पहुंची, फिर भी जनता को जवाब का इंतजार
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है और कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर बातें सामने आ रही हैं, तो सरकार की ओर से अब तक स्पष्ट कार्रवाई की जानकारी क्यों नहीं दी गई है? क्या रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा? क्या जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होगी या मामला सरकारी फाइलों में ही उलझकर रह जाएगा?
यूनिवर्सिटी पर लगातार लग रहे आरोप केवल किसी संस्थान की प्रतिष्ठा का मामला नहीं हैं. यह उन विद्यार्थियों के भविष्य और मेहनत से जुड़ा सवाल है, जो डिग्री और शिक्षा के भरोसे अपना करियर बनाना चाहते हैं. यदि फर्जी डिग्रियों के कारोबार या शैक्षणिक गड़बड़ियों के आरोप सही साबित होते हैं, तो इसका असर केवल छात्रों पर नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें : मंईयां सम्मान योजना की 51 लाख महिलाओं को मिलेगा दुर्घटना बीमा का लाभ!
11 नवंबर को अस्पताल का उद्घाटन, कई बड़े नेता रहे मौजूद
इसी विवाद के बीच 11 नवंबर 2026 को रामगढ़ जिले के टायर मोड़, मुर्रामकलाँ में नवनिर्मित राधा गोविंद हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया. झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अस्पताल का उद्घाटन किया. समारोह में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की नेत्री रूपा महतो समेत कई लोग मौजूद रहे.
लेकिन अस्पताल के उद्घाटन से ज्यादा चर्चा संस्थापक बैद्यनाथ शाह के उस अभिवादन की होने लगी, जिसमें वे मंत्री योगेंद्र प्रसाद के सामने झुककर दंडवत प्रणाम करते नजर आए. इस दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है.
