Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में दिनदहाड़े सामने आए एक कथित रोड रेज मामले ने महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तीन युवतियां अपनी कार के भीतर से मदद की गुहार लगाती सुनाई देती हैं, जबकि एक काले रंग की स्कॉर्पियो उनका लगातार पीछा करती दिखाई देती है.

यह घटना रांची के दशम फॉल मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई बताई जा रही है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने उनकी कार का कई किलोमीटर तक पीछा किया, रास्ता रोकने की कोशिश की और बाद में कार पर हमला भी किया.
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद ?
पीड़ित युवतियों के अनुसार, वे अपने चालक के साथ एक बैठक के सिलसिले में यात्रा कर रही थीं. रास्ते में वे बुंडू के पास भोजन के लिए रुकीं और इसके बाद सूर्य मंदिर दर्शन करने गईं.
युवतियों का कहना है कि मंदिर से लौटते समय मोड़ के पास उनकी कार और तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो के बीच हल्की टक्कर हुई. उनका दावा है कि टक्कर मामूली थी और विवाद बढ़ने से बचने के लिए उन्होंने स्कॉर्पियो सवार युवकों से माफी भी मांग ली.
हालांकि आरोप है कि इसके बावजूद स्कॉर्पियो सवार युवक शांत नहीं हुए और उन्होंने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया.
हाईवे पर पीछा, ओवरटेक और रास्ता रोकने के आरोप
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार युवक लगातार उनकी कार को ओवरटेक करने, रास्ता रोकने और डराने की कोशिश करते रहे.
युवतियों का कहना है कि स्थिति इतनी भयावह हो गई कि चालक को अपनी और कार में बैठी महिलाओं की सुरक्षा के लिए कुछ दूरी तक गलत दिशा में भी वाहन चलाना पड़ा. इसके बावजूद पीछा जारी रहा.
कार में मौजूद एक युवती ने बताया कि कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया, जिससे वे आगे नहीं बढ़ सकीं.
पुलिस को फोन करने के बाद भी हमला होने का आरोप
पीड़ित पक्ष का दावा है कि दोपहर करीब 12:33 बजे उन्होंने आपातकालीन नंबर 100 पर फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और स्कॉर्पियो का नंबर भी पुलिस को बताया. इसके बावजूद उनका आरोप है कि पुलिस मौके पर समय पर नहीं पहुंची.
युवतियों के अनुसार, करीब 12:48 बजे दशम फॉल के पास स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनकी कार को घेर लिया. आरोप है कि पहले युवकों ने चालक की ओर का दरवाजा जबरन खोलने की कोशिश की। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो उन्होंने एक बड़े पत्थर से कार का शीशा तोड़ दिया.
इस हमले में चालक रणवीर सिंह घायल हो गए और उनके सिर पर चोट आई.
स्थानीय लोगों के पहुंचने पर मौके से भागे आरोपी
घटना के दौरान कार में मौजूद तीनों युवतियां लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं.उनका कहना है कि कुछ समय बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे. भीड़ बढ़ती देख स्कॉर्पियो सवार युवक वहां से फरार हो गए.घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पीड़ित युवती ने क्या बताया ?
कार में सवार एक युवती ने पूरी घटना का सिलसिलेवार विवरण देते हुए कहा कि सड़क पर हुई मामूली टक्कर के बाद उनके चालक ने केवल इतना कहा था कि वाहन सावधानी से चलाया जाए. उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ता देख उन्होंने स्वयं स्कॉर्पियो सवार युवकों से माफी मांग ली थी और वहां से निकल गई थीं.
युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे और हाईवे पर कई बार उनकी कार रोकने का प्रयास किया. उनके अनुसार, पूरी घटना के दौरान कार में बैठी सभी महिलाएं बेहद भयभीत थीं और लगातार पुलिस तथा आसपास के लोगों से मदद की उम्मीद कर रही थीं.
विपक्ष ने सरकार को घेरा
इस घटना को लेकर झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि रांची के दशम फॉल क्षेत्र से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक महिलाओं की गाड़ी का पीछा किया जाना और उनके साथ कथित बदसलूकी की घटना बेहद चिंताजनक है.
रांची के दशम फॉल क्षेत्र से लेकर हाईवे तक महिलाओं की गाड़ी का कई किलोमीटर तक पीछा कर उनके साथ बदसलूकी किए जाने की घटना बेहद भयावह और चिंताजनक है। सबसे गंभीर बात यह है कि महिलाओं द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर पुलिस सहायता के लिए नहीं पहुंची।
मुख्यमंत्री श्री… pic.twitter.com/s9YR36Nl04
— Babulal Marandi (@yourBabulal) July 8, 2026
उन्होंने यह भी कहा कि यदि महिलाओं द्वारा सूचना देने के बावजूद समय पर पुलिस सहायता नहीं पहुंची, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है. मरांडी ने राज्य सरकार से पर्यटन स्थलों और प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की ?
पुलिस के अनुसार, मामले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
घटना ने खड़े किए कई सवाल
रांची में हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया को लेकर बहस छेड़ दी है.
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि किस हद तक होती है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
इसे भी पढे : 17 दिन बाद खुला राज रांची में अफेयर के बीच आई पति, पत्नी-प्रेमी ने कर दी हत्या
