RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद भी राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. शनिवार को राजधानी रांची समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे. वहीं, कई जगहों पर रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को कनकनी का एहसास हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार यानी 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. हालांकि, भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
रांची में 25 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी रांची में 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं, 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 15 डिग्री रह सकता है. इसके बाद 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 13 डिग्री, जबकि 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
23 नवंबर से साफ होगा मौसम, सुबह छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर से राज्य में मौसम में सुधार होने की संभावना है. आसमान साफ होने के साथ बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी. हालांकि, बारिश के बाद सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 24 और 25 नवंबर को राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया है. वहीं, गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर बारिश
शनिवार को राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके अलावा हजारीबाग में 12.5, दुमका में 4.5, लातेहार में 4, देवघर में 2, खूंटी में 1.5 और सरायकेला में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, राजधानी रांची में 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम था. जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक था.
बारिश से सड़कों पर जलजमाव, राहगीरों को हुई परेशानी
बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला. रांची के कई प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों में पानी जमा होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई. बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गईं. वहीं, खराब मौसम के चलते बाजारों में भी आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ देखने को मिली. कुल मिलाकर, 23 नवंबर से झारखंड में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तापमान में गिरावट और सुबह के कोहरे के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
