KODERMA : झारखंड के कोडरमा जिले के चितरपुर गांव में जमीनी विवाद ने बुधवार रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. इस हिंसक झड़प में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई.
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा की दूसरी सीट पर सस्पेंस बरकरार, तीसरे दिन भी नहीं बिका नामांकन पत्र; कांग्रेस की नजर अब झामुमो के फैसले पर
जानकारी के अनुसार, राजकुमार यादव बुधवार रात करीब 8:30 बजे तक विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ एक कार्यक्रम में मौजूद थे. कार्यक्रम से लौटने के दौरान उन्हें परिजनों का फोन आया, जिसमें गांव में चल रहे जमीनी विवाद और मारपीट की सूचना दी गई.
परिजनों से सूचना मिलने के बाद राजकुमार यादव तुरंत अपने गांव चितरपुर पहुंचे. बताया जा रहा है कि वहां पहले से ही गोतिया परिवार के लोगों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और राजकुमार यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई.
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की जानकारी मिलने पर विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी कोडरमा थाना प्रभारी को फोन कर स्थिति से अवगत कराया था. इसके बावजूद विवाद को समय रहते नहीं रोका जा सका और यह घटना घट गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
इसे भी पढ़ें : मालवीय नगर में आग का तांडव, रेस्टोरेंट हादसे में 21 लोगों की मौत
