रांची /बोकारो : माइन क्लोजर के तहत स्थानीय समुदाय के लिए स्थायी आजीविका और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है. इसी क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में कम्युनिटी डेवलपमेंट एंड लाइवलीहुड प्लान (सीडीएलपी) की गतिविधियों को अंतिम रूप देने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में सीसीएल और बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी तथा पर्यावरण और माइन क्लोजर से जुड़े नोडल अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान काथारा और ढोरी क्षेत्र की ओर से प्रस्तावित सीडीएलपी गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया.
इसे भी पढे : वित्त मंत्री ने अधिकारियों के कामकाज पर उठाए सवाल, कहा- निर्देशों की हो रही अनदेखी
स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार हों योजनाएं
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि माइन क्लोजर के तहत तैयार की जाने वाली योजनाओं का उद्देश्य केवल खनन कार्य समाप्त होने के बाद भूमि का पुनर्विकास करना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए स्थायी और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना भी होना चाहिए.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का चयन क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं, स्थानीय संसाधनों और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो और लोगों को लंबे समय तक लाभ मिल सके.
संशोधित कार्ययोजना जल्द सौंपने का निर्देश
उपायुक्त ने काथारा, ढोरी और बीएंडके क्षेत्रों के प्रभारियों को निर्देश दिया कि बैठक में मिले सुझावों के आधार पर प्रस्तावित गतिविधियों का पुनर्मूल्यांकन करें और संशोधित कार्ययोजना अगली बैठक से पहले समिति को उपलब्ध कराएं.
उन्होंने कहा कि इससे समिति के सभी सदस्य प्रस्तावों का पहले से अध्ययन कर सकेंगे, आवश्यक सुझाव दे सकेंगे और अगली बैठक में योजनाओं को अधिक प्रभावी तथा समन्वित तरीके से अंतिम रूप दिया जा सकेगा.
पर्यावरण संरक्षण और आजीविका पर रहेगा विशेष फोकस
जिला प्रशासन का मानना है कि माइन क्लोजर योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के पुनर्विकास और स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार के अवसरों को एक साथ जोड़ने से क्षेत्र के सतत विकास को गति मिलेगी. इसी उद्देश्य से योजनाओं को व्यावहारिक और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सीएसआर नोडल अधिकारी शक्ति कुमार सहित सीसीएल और बीसीसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
