JHARKHAND : झारखंड के लिए गर्व की खबर है. दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) के तत्वावधान में हरियाणा में आयोजित होने वाली टी-20 केसरी दिव्यांग क्रिकेट राष्ट्रीय सीरीज के लिए राज्य के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है. यह प्रतियोगिता 13 से 15 जून तक आयोजित होगी, जिसमें इंडिया ए और इंडिया बी टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में आज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, रांची में मौसम रहेगा सुहाना
झारखंड से निशांत कुमार उपाध्याय, नीरज कुमार और शौकत अली को इंडिया ए टीम में जगह मिली है. वहीं वागीश त्रिपाठी का चयन इंडिया बी टीम के लिए किया गया है. गुरुवार को सभी खिलाड़ी रांची से यमुनानगर के लिए रवाना हुए.चयनित खिलाड़ियों में निशांत कुमार उपाध्याय और वागीश त्रिपाठी पहले भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
दोनों खिलाड़ियों ने दुबई में आयोजित डीपीएल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था. वहीं शौकत अली अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार प्रभाव छोड़ते रहे हैं.
इस बार राष्ट्रीय टीम में पहली बार शामिल हुए रांची के कोकर निवासी नीरज कुमार के लिए यह अवसर बेहद खास है. नीरज ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने से उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिलेगा.
झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता, सचिव सरिता सिन्हा और अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं. वहीं कोच मुकेश कंचन ने कहा कि चार खिलाड़ियों का राष्ट्रीय सीरीज के लिए चयन होना राज्य में दिव्यांग क्रिकेट के बढ़ते स्तर का प्रमाण है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में आज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, रांची में मौसम रहेगा सुहाना
