Ranchi : अगर आप राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज करते हैं, तो अब सावधान हो जाइए, क्योंकि शहर में जल्द ही ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू किया जा सकता है.
ट्रैफिक पुलिस ने इस सिस्टम को लगाने के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेज दिया है. इसके तहत सड़क किनारे लगाए जाने वाले कैमरे नियम तोड़ने वाले वाहनों की तस्वीर कैद करेंगे और ऑनलाइन चालान काटा जाएगा.
इस सिस्टम से ट्रैफिक पुलिस को निगरानी में आसानी होगी और लोगों को भी नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा.

इसे भी पढे : राधाकृष्ण किशोर का कांग्रेस पर वार, बोले- जनता जानना चाहती है पार्टी का स्टैंड
राजधानी रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ना लोगों को भारी पड़ सकता है. शहर में पिछले पांच साल के दौरान करीब 190 करोड़ रुपये का ट्रैफिक चालान बकाया हो गया है.
हालात ऐसे हैं कि ट्रैफिक पुलिस के लिए मैनुअल तरीके से चालान की राशि वसूलना काफी मुश्किल हो रहा है। इसी को देखते हुए अब ई-डिटेक्शन सिस्टम लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
रांची ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा है. विभाग ने भी राजधानी में इस सिस्टम को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू होने के बाद सड़क पर लगे कैमरे ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहनों को तुरंत पकड़ेंगे और ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा.
क्या है ई-डिटेक्शन सिस्टम ?
देश के कई बड़े शहरों में परिवहन विभाग और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित ई-डिटेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है. अब राजधानी रांची में भी इस हाईटेक सिस्टम को लागू करने की तैयारी चल रही है.
जानकारों के मुताबिक, ई-डिटेक्शन सिस्टम पूरी तरह से स्वचालित डिजिटल निगरानी प्रणाली है. इसकी खास बात यह है. कि बिना किसी पुलिसकर्मी की मौजूदगी के भी सड़क पर चल रहे वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा सकती है.
यह सिस्टम ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) कैमरों के जरिए काम करता है. जैसे ही कोई वाहन कैमरे के सामने से गुजरता है, कैमरा वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन कर लेता है. इसके बाद वाहन से जुड़ी जानकारी तुरंत सिस्टम में दिखाई देने लगती है.
अगर किसी वाहन का चालान बकाया हो, बीमा समाप्त हो चुका हो या फिटनेस सर्टिफिकेट फेल हो, तो उसकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर सामने आ जाती है. माना जा रहा है कि इस तकनीक से ट्रैफिक निगरानी व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी.
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह बोले- एलईडी स्क्रीन पर दिखेगी चालान की जानकारी, प्रक्रिया शुरू
राजधानी रांची में पेंडिंग ट्रैफिक चालान की संख्या कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस अब हाईटेक सिस्टम की तैयारी में जुट गई है. रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि देश के कुछ बड़े शहरों में स्टार्टअप कंपनियां सरकार के साथ टाइअप कर एलईडी स्क्रीन के जरिए वाहनों के चालान की जानकारी प्रदर्शित करती हैं.
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के तहत सड़क पर ही वाहन के पेंडिंग चालान की जानकारी सामने आ जाती है, जिससे तुरंत कार्रवाई करने में आसानी होती है. इसी मॉडल को ध्यान में रखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने भी प्रयास शुरू कर दिए हैं.
ट्रैफिक एसपी के मुताबिक, ई-डिटेक्शन सिस्टम इंस्टॉल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस नई व्यवस्था से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर निगरानी और चालान वसूली दोनों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.
इसे भी पढे : चतरा पुलिस को बड़ी कामयाबी, 17 लाख की अवैध अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
