Ranchi : राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. नई प्रदेश कमिटी बनने के बाद से ही नेतृत्व को लेकर कई नेताओं में असहमति देखी जा रही थी, लेकिन इस बार मंत्री का बयान राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ रहा है.
वित्त मंत्री ने कहा कि JTET भाषा विवाद पर गठित कमिटी की पहली बैठक संपन्न हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस की ओर से कोई स्पष्ट दिशा नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में वह और दीपिका पांडेय सिंह अपने विवेक से कमिटी के सामने पार्टी का पक्ष रखेंगे.

इसे भी पढे : JTET भाषा विवाद पर सरकार सख्त, पांच मंत्रियों की कमेटी गठित
JTET भाषा विवाद पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि कमिटी के संयोजक से पार्टी का रुख पूछना कोई गुनाह नहीं है. मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश नेतृत्व जनहित के मुद्दों पर चुप रहता है और जरूरत पड़ने पर इसकी जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को भी दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि जनहित उसकी प्राथमिकता है. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फैसला अंतिम होगा, लेकिन कांग्रेस महत्वपूर्ण मुद्दों पर चुप नहीं रह सकती.
राधाकृष्ण किशोर पर लगा पुत्रमोह का आरोप
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रदेश कांग्रेस कमिटी और संगठनात्मक फैसलों को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि उन पर पुत्रमोह का आरोप लगाने वाले यह भी देखें कि उनका बेटा पार्टी के लिए लगातार काम कर रहा है और संगठन को मजबूत बनाने में जुटा है.
उन्होंने राहुल गांधी के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस छोड़ने की वजह सीट बंटवारा था. उनकी सीट राजद को दिए जाने के बाद उन्होंने दूसरे दलों का रुख किया. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जदयू और भाजपा में रहते हुए भी उन्हें जनता का समर्थन मिला और कांग्रेस में लौटने के बाद उनके क्षेत्र में 25 साल बाद पार्टी को जीत हासिल हुई.
उन्होंने वर्तमान प्रदेश कांग्रेस कमिटी में रिश्तेदारों को जगह दिए जाने का मुद्दा भी उठाया. मंत्री ने कहा कि कई नेताओं के परिवार के सदस्य कमिटी में शामिल हैं. उन्होंने “जम्बोजेट कमिटी” शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि यदि संगठन इतना मजबूत है तो आगामी चुनावों में इसका असर दिखना चाहिए.
नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि बन्ना गुप्ता की पत्नी को छोड़ अन्य स्थानों पर कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा.
इसे भी पढे : झारखंड में अगले कुछ दिन खराब रहेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ होगी बारिश
