RANCHI : चतरा पुलिस ने नशा तस्करों और अफीम कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने करीब 17 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो 900 ग्राम गीली अवैध अफीम बरामद करते हुए अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के एक कुरियर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिक्किद गांव निवासी अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़े : राधाकृष्ण किशोर का कांग्रेस पर वार, बोले- जनता जानना चाहती है पार्टी का स्टैंड

झारखंड-बिहार सीमा पर वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया तस्कर
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-जोरी मार्ग से एक युवक सवारी ऑटो में अवैध अफीम लेकर गयाजी (बिहार) के रास्ते दिल्ली जाने वाला है. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ चतरा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.पुलिस टीम ने झारखंड-बिहार सीमा पर गोसाईडीह के पास वाहन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान एक सवारी ऑटो को रोका गया. तभी उसमें बैठा एक युवक काले रंग का बैग लेकर भागने लगा. पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके बैग से 2 किलो 900 ग्राम गीली अफीम. दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए.
इसे भी पढ़े : हाईकोर्ट का आदेश , पेंशन भुगतान में देरी पर उच्च शिक्षा निदेशक पर कार्रवाई
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बड़े अफीम माफियाओं के लिए कुरियर का काम करता था. दिल्ली पहुंचने के बाद मोबाइल के जरिए उसे डिलीवरी लोकेशन और खरीदार की जानकारी दी जानी थी. पूछताछ में पुलिस को गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं. आपूर्तिकर्ता की पहचान भी कर ली गई है. जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही गई है.पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चतरा से संचालित तस्करी नेटवर्क के तार बिहार. दिल्ली. पंजाब. और हरियाणा तक जुड़े हुए हैं. आरोपी पहले भी कई राज्यों में अफीम की सप्लाई कर चुका है.
एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशा तस्करों और माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई में एसडीपीओ संदीप कुमार सुमन. इंस्पेक्टर विपिन कुमार. हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार. अवर निरीक्षक दिलीप कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे.
