RANCHI : लोक आस्था के महापर्व छठ की आस्था ऐसी है कि जेल की ऊंची दीवारें और लोहे की सलाखें भी श्रद्धालुओं की भक्ति के रास्ते में बाधा नहीं बन सकीं. परिवार से दूर और बंदिशों के बीच रहने के बावजूद झारखंड की अलग-अलग जेलों में बंद 85 कैदी पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठ महापर्व कर रहे हैं. इनमें 36 महिला और 49 पुरुष बंदी शामिल हैं. जेल परिसर के भीतर ही छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियां की जा रही हैं.
छठ महापर्व के दौरान बंदियों की धार्मिक आस्था को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं. जेल परिसर में ही पूजा स्थल और अर्घ्य देने के लिए कृत्रिम जलकुंड तैयार किए गए हैं, ताकि व्रती पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस कठिन पर्व को पूरा कर सकें.
जेल प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम, व्रतियों को मिलेगी पूजन सामग्री
झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल के मुताबिक, बंदियों की धार्मिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए सभी संबंधित जेलों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. इसके तहत जेल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी और पूजा के लिए कृत्रिम जलकुंड बनाए गए हैं. इसके अलावा व्रत करने वाले बंदियों को जेल प्रशासन की ओर से पूजन सामग्री, फल, नैवेद्य और नए वस्त्र भी उपलब्ध कराए गए हैं. छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
होटवार जेल में सबसे अधिक 18 बंदी कर रहे छठ
राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में इस वर्ष सबसे अधिक 18 बंदी छठ महापर्व कर रहे हैं. इनमें 9 महिला और 9 पुरुष बंदी शामिल हैं. वहीं, लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा, हजारीबाग में कुल 11 बंदी व्रत कर रहे हैं. इनमें 5 महिलाएं और 6 पुरुष हैं. मेदिनीनगर केंद्रीय कारा में 8 बंदी, दुमका केंद्रीय कारा में 5 बंदी और जमशेदपुर के घाघीडीह केंद्रीय कारा में एक महिला बंदी छठ कर रही हैं.
गढ़वा और धनबाद की जेलों में भी छठ की रौनक
केंद्रीय काराओं के अलावा राज्य की मंडल काराओं में भी छठ महापर्व की तैयारियां की गई हैं. गढ़वा मंडल कारा में सबसे अधिक 15 बंदी व्रत कर रहे हैं. इनमें 9 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं. वहीं, धनबाद मंडल कारा में 9 बंदी छठ कर रहे हैं, जिनमें 3 महिलाएं और 6 पुरुष हैं. गिरिडीह मंडल कारा में 8 पुरुष, साहेबगंज मंडल कारा में 4 पुरुष और चतरा मंडल कारा में 2 पुरुष बंदी छठ का व्रत रख रहे हैं. उपकाराओं में भी छठ की आस्था देखने को मिल रही है. राजमहल उपकारा में 2 महिला और एक पुरुष बंदी व्रत कर रहे हैं. वहीं, श्री बंशीधर नगर उपकारा में एक महिला बंदी छठ महापर्व कर रही हैं.
इन जेलों में कोई बंदी नहीं कर रहा छठ
झारखंड की कई जेलों में इस वर्ष किसी भी बंदी की ओर से छठ व्रत रखने की सूचना नहीं है. इनमें चाईबासा, चास, देवघर, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, साकची, सरायकेला और सिमडेगा की जेलें शामिल हैं. इसके अलावा बरही, घाटशिला, खूंटी, मधुपुर, रामगढ़ और तेनुघाट उपकारा में भी कोई बंदी छठ नहीं कर रहा है. हजारीबाग स्थित आत्मसमर्पित नक्सली बंदी कारा में भी इस वर्ष किसी बंदी के व्रत रखने की सूचना नहीं है.
अपनों से दूर, लेकिन छठी मैया की भक्ति में नहीं आई कमी
छठ महापर्व को सबसे कठिन और पवित्र पर्वों में गिना जाता है. चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती पूरी श्रद्धा और नियम के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं. ऐसे में जेल की चारदीवारी के भीतर बंदियों द्वारा छठ व्रत करना इस पर्व के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है. परिवार और अपनों से दूर होने के बावजूद ये बंदी पूरे विधि-विधान से महापर्व कर रहे हैं.
जेल परिसर में बने कृत्रिम जलकुंडों में अर्घ्य देने की तैयारी है. एक तरफ जेल की सख्त व्यवस्था और दूसरी तरफ छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास. यह तस्वीर बताती है कि लोक आस्था का यह महापर्व किसी एक स्थान या परिस्थिति तक सीमित नहीं है. श्रद्धा जहां होती है, वहां आस्था अपना रास्ता बना ही लेती है.
