बोकारो: बोकारो DC अजय नाथ झा ने शुक्रवार को जरीडीह प्रखंड के तांतरी दक्षिणी पंचायत भवन पहुंचकर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं क्रमवार सुनीं. समस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए.
तांतरी दक्षिणी पंचायत पुनर्वास क्षेत्र है, जहां BSL प्लांट के विस्थापित परिवार रहते हैं. ग्रामीणों ने DC के समक्ष पर्चा, पुनर्वास, नियोजन और बुनियादी सुविधाओं समेत विस्थापित परिवारों से जुड़ी कई समस्याएं रखीं.
DC अजय नाथ झा ने विस्थापितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से सकारात्मक और ठोस पहल की जा रही है. उन्होंने विस्थापितों को पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभिलेखों और पात्रता की जांच के बाद शिविर आयोजित कर पात्र विस्थापित परिवारों को पर्चा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए. इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया, ताकि पात्र लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
विद्यालय, सोलर लाइट और सभागार से जुड़ी समस्याओं पर भी निर्देश
ग्रामीणों ने विद्यालय की बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट और सभागार निर्माण से जुड़ी समस्याएं भी DC के सामने रखीं. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सभागार निर्माण के लिए ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित कर भेजने को कहा गया, ताकि नियमानुसार स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके. वहीं, पंचायत क्षेत्र में सोलर लाइट से जुड़ी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया.
DC ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए. वहीं, जिन मामलों में उच्च स्तर की स्वीकृति या निर्धारित प्रक्रिया की आवश्यकता है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने कहा कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच लगातार संवाद से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है. अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मौके पर डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, बीडीओ कुमार कनिष्क, सीओ प्रणव ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, मुखिया शांति देवी, उप मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़े :JPSC परीक्षा रद्द करने के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक, अभ्यर्थियों को बड़ी राहत
