RANCHI : झारखंड के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं. आगामी 22 से 24 नवंबर तक बोकारो जिले के ललपनिया स्थित टीटीपीएस परिसर में इस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इसमें शामिल होने के लिए आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला आयोजन समिति का प्रतिनिधिमंडल
21 नवंबर को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद रहे. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया.

डीसी ने मुख्यमंत्री को दी तैयारियों की जानकारी
मुलाकात के दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी उपस्थित रहे.
22 नवंबर से शुरू होगा तीन दिवसीय महोत्सव
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव का आयोजन 22, 23 और 24 नवंबर 2026 को बोकारो जिले के ललपनिया स्थित टीटीपीएस में किया जाएगा. यह आयोजन संताल समुदाय की धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है. महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
