RANCHI:झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहा छात्र आंदोलन शुक्रवार को कई जगह टकराव में बदल गया। रांची, गिरिडीह और हजारीबाग में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने पहुंचे छात्रों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थकों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। रांची में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
रांची में चडरी तालाब के पास बढ़ा तनाव
रांची के अल्बर्ट एक्का चौक और चडरी तालाब के आसपास शुक्रवार शाम उस समय तनाव बढ़ गया, जब जेपीएससी रिफॉर्म्स मंच से जुड़े छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के लिए अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़ रहे थे।
बताया जा रहा है कि चडरी तालाब के पास पहले से मौजूद झामुमो समर्थकों ने छात्रों के प्रदर्शन का विरोध किया। इसी दौरान छात्रों के हाथ से मुख्यमंत्री का पुतला छीन लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की तथा मारपीट की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
छात्र नेता कुणाल सिंह हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने छात्र नेता कुणाल सिंह को हिरासत में लिया है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
गिरिडीह में भी आमने-सामने आए छात्र और झामुमो कार्यकर्ता
गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित झंडा मैदान में भी छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। छात्र जेएसएससी-सीजीएल समेत विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे थे।
इसी दौरान झामुमो नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। प्रदर्शन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और बाद में मारपीट की स्थिति बन गई। छात्रों ने झामुमो कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
हजारीबाग में भी तनाव
हजारीबाग में भी मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे छात्रों और झामुमो समर्थकों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति सामने आई। तीनों जिलों में हुए घटनाक्रम के बाद छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। अब पुतला दहन के दौरान अलग-अलग जिलों में हुए टकराव ने इस आंदोलन को नया मोड़ दे दिया है।
फिलहाल, पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढे :बोकारो DC अजय नाथ झा ने तांतरी दक्षिणी पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा की
