RANCHI : रविवार सुबह पिस्का मोड़ के पास पशुओं से लदा एक वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोगों ने वाहन में पशुओं को तस्करी के लिए ले जाने का आरोप लगाते हुए उसे रोकने की कोशिश की. इसी दौरान कथित तौर पर पशु तस्करी में शामिल लोगों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते मामला भिड़ंत तक पहुंच गया.
वैन से पशुओं को निकाला गया, फिर वाहन में लगाई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद वैन में लदे पशुओं को बाहर निकाला गया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन में आग लगा दी. घटना के दौरान पशुओं से लदे दो अन्य वाहनों के मौके से फरार होने की भी सूचना सामने आई है. हालांकि, इन वाहनों और उनके चालकों से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
पिस्का मोड़ के पास हुई इस घटना के बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई. हालांकि, दुर्घटना, कथित पशु तस्करी, भिड़ंत और वाहन में आग लगाए जाने से जुड़े पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.पुलिस की ओर से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें : बृजेश गंझू की मौत के साथ टीएसपीसी के दो दशक के सफर पर विराम
