रांची : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की तीन लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन महीने की सम्मान राशि एकमुश्त हस्तांतरित कर दी गई है. आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रत्येक महिला के खाते में 7,500 रुपये भेजे गए हैं. इस मद में जिला प्रशासन ने कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया है.

रांची जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग देना है. प्रशासन का कहना है कि डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनी है. इससे लाभुकों को किसी मध्यस्थ के बिना योजना का लाभ मिल रहा है.
जिले के सभी हिस्सों में महिलाओं को मिला लाभ
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। सबसे अधिक 31 हजार 94 महिला लाभुक कांके प्रखंड में हैं. इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 25 हजार छह, मांडर में 22 हजार 885, सिल्ली में 21 हजार 31, बेड़ो में 20 हजार 519, चान्हो में 19 हजार 299, रातू में 18 हजार 500 और तमाड़ में 18 हजार 411 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है.
इसी प्रकार बुढ़मू में 17 हजार 688, नगड़ी में 17 हजार 755, ओरमांझी में 17 हजार 824 और नामकुम में 17 हजार 566 महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है. इसके अलावा अनगड़ा, सोनाहातू, राहे, लापुंग, खलारी, बुंडू तथा जिले के अन्य शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं के खातों में भी सम्मान राशि हस्तांतरित की गई है.
दो क्षेत्रों में भुगतान की प्रक्रिया जारी
जिला प्रशासन ने बताया है कि बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के पात्र लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है. इन क्षेत्रों की शेष महिलाओं के खातों में भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द सम्मान राशि भेज दी जाएगी.
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी.
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान अभी लंबित है, वहां भी सभी पात्र महिलाओं को शीघ्र सम्मान राशि उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक समय पर पहुंचे.
बैंक खाते और आधार लिंकिंग अद्यतन रखने की अपील
जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपने बैंक खाते की जानकारी और आधार लिंकिंग की स्थिति अद्यतन रखने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि इससे भविष्य में जारी होने वाली किस्तों का भुगतान बिना किसी बाधा के सीधे बैंक खातों में किया जा सकेगा.
यदि किसी लाभुक को योजना से संबंधित कोई शिकायत हो या अतिरिक्त जानकारी चाहिए, तो वह रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर संचालित “अबुआ साथी” सेवा के माध्यम से संपर्क कर सकती हैं.
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत तीन महीने की राशि एक साथ जारी होने से रांची जिले की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है. जिला प्रशासन का कहना है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान अभी शेष है, वहां भी प्रक्रिया पूरी होते ही राशि लाभुकों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी.
इसे भी पढे : CAG और ICSSR की शोध प्रतियोगिता छात्रों को 1.25 लाख तक का पुरस्कार
