RANCHI : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करना पार्टी का प्रमुख लक्ष्य है. इसके लिए संगठन को प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत महिला नेतृत्व तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा. रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित अखिल झारखंड महिला संघ के राज्यस्तरीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि संगठन महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी दिलाने के लिए अभियान चलाएगा.
इसे भी पढ़े : झारखंड में मौसम का यू-टर्न, अगले 3 दिन संभल जाइए, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

खेलगांव के इंडोर स्टेडियम में आजसू के राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन में कई प्रस्ताव पारित
अधिवेशन में राज्यभर से हजारों महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण. आर्थिक आत्मनिर्भरता. राजनीतिक भागीदारी. महिला सुरक्षा. स्वरोजगार और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए. कार्यक्रम का आयोजन “सशक्त महिला. समृद्ध महिला. स्वावलंबी महिला” के संकल्प के साथ किया गया. अपने संबोधन में सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और महिलाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है. साथ ही उन्होंने मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और पात्र महिलाओं को योजना का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की.
आजसू पार्टी ने कहा कि आने वाले समय में पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक महिला नेतृत्व को मजबूत किया जाएगा. ताकि महिलाएं राजनीति और समाज दोनों क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभा सकें.
