RANCHI : राजधानी रांची में अब सड़क किनारे वाहन पार्क करना पहले से अधिक महंगा होने जा रहा है. रांची नगर निगम ने शहर के 24 नए स्थानों पर अधिकृत पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी है. इन स्थानों पर वाहन खड़ा करने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग शुल्क देना होगा. नगर निगम का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर में अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और राजस्व बढ़ाना है.
इसे भी पढ़े : राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराना लक्ष्य : सुदेश महतो

किनारे वाहन खड़ा करने पर देने होंगे पैसे
नगर निगम की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार अधिकृत पार्किंग स्थलों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया गया है. वाहन चालकों को पार्किंग शुल्क के बदले रसीद देना अनिवार्य होगा. साथ ही पार्किंग एजेंसियों को निर्धारित दर सूची प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करनी होगी. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पार्किंग एजेंसी को निर्धारित क्षेत्र से बाहर सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूलने की अनुमति नहीं होगी. यदि कोई एजेंसी तय दर से अधिक राशि वसूलती है या बिना रसीद के पैसे मांगती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम का मानना है कि नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने से मुख्य बाजारों और व्यस्त सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा. वहीं आम लोगों का कहना है कि पार्किंग की बेहतर व्यवस्था जरूरी है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि शुल्क वसूली पारदर्शी हो और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
इसे भी पढ़े : कोडरमा की 9 एकड़ रैयती जमीन मामला. झारखंड हाईकोर्ट सख्त राज्य सरकार से मूल रिकॉर्ड तलब
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें और पार्किंग शुल्क का भुगतान करने के बाद रसीद अवश्य लें. यदि कहीं अनियमितता दिखाई दे तो इसकी शिकायत नगर निगम से करें.
