RANCHI : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब पूरे राज्य में दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की है. राजधानी रांची समेत कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में कम समय में अधिक वर्षा हो सकती है, जिससे जलभराव, सड़क पर पानी भरने और स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है.

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज यानी 5 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, देवघर, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), हजारीबाग, धनबाद और पलामू समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. राजधानी रांची में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. भारी बारिश और वज्रपात को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है. घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें. जलभराव वाले इलाकों से बचें और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों. मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.
