धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके वासेपुर स्थित घर पर बुलडोजर चलाया. यह कार्रवाई निरसा विधायक अरुण चटर्जी को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले के बाद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है.

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
शनिवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस की टीम वासेपुर पहुंची.कार्रवाई के दौरान तीन डीएसपी, छह थानों की पुलिस और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
मीडिया को कार्रवाई स्थल से रखा गया दूर
पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मीडिया कर्मियों को कार्रवाई स्थल से कुछ दूरी पर रखा. अधिकारियों के अनुसार, बुलडोजर की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके.
प्रशासन का क्या कहना है?
प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी.अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन किया गया.
जांच अभी जारी
फिलहाल, निरसा विधायक अरुण चटर्जी को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.
