RANCHI : झारखंड में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा किराया देना होगा. झारखंड बस ऑनर्स एसोसिएशन ने राज्यभर में बस किराए में 18 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. नई दरें लागू होने के बाद कई प्रमुख रूटों पर यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ में 500 रुपये नहीं देने पर युवक से मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
बताया जा रहा है कि चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में यह फैसला लिया गया. बस संचालकों का कहना है कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण बसों के संचालन की लागत काफी बढ़ गई है. इसी वजह से किराए में वृद्धि करना जरूरी हो गया था.
नई दरों का सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. खासकर एसी बसों में सफर करने वालों को अब पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा.
नई किराया सूची के अनुसार रांची से गढ़वा जाने वाली एसी बस का किराया 400 रुपये से बढ़कर 470 रुपये हो गया है. वहीं रांची से पलामू जाने वाले यात्रियों को अब 350 रुपये के बजाय 415 रुपये देने होंगे.
इसके अलावा रांची से देवघर, दुमका, जमशेदपुर और अन्य प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली एसी बसों के किराए में भी बढ़ोतरी की गई है. इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में पलायन रोकने की बड़ी तैयारी, हेमंत सोरेन ने मजदूरों के लिए बनाया नया रोडमैप
