RAMGARH:झारखंड के रामगढ़ जिले में देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया. हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात के पावर प्लांट में टरबाइन में अचानक ब्लास्ट हो गया. ब्लास्ट के बाद प्लांट में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. वहीं, एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही जा रही है. घायल को इलाज के लिए रांची लाया गया है.
टरबाइन फेल होने के बाद हुआ ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, देर रात पावर प्लांट में टरबाइन फेल होने के बाद अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ. इसके तुरंत बाद आग भड़क उठी और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू किया गया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
हादसे की वजह अब भी साफ नहीं
टरबाइन में ब्लास्ट आखिर किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. शुरुआती जानकारी में टरबाइन फेल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही हैं. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि ब्लास्ट की वास्तविक वजह क्या थी और सुरक्षा मानकों में कहीं चूक हुई थी या नहीं.
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़े :JSSC CGL गड़बड़ी की जांच तेज, पत्थलगड्डा के BSO तेजनारायण पंडित CID की हिरासत में
