रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के तत्कालीन राजनीतिक सलाहकार रहे सुनील तिवारी ने गुरुवार को रांची सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बाल श्रम और घरेलू कामगार से जुड़े एक मामले में सरेंडर के बाद उन्होंने अदालत से जमानत की मांग की, जिसे स्वीकार कर लिया गया।अपर न्यायायुक्त एस.एन. तिवारी की अदालत ने सुनवाई के बाद सुनील तिवारी को जमानत प्रदान कर दी. उनके खिलाफ वर्ष 2021 में रांची के अरगोड़ा थाने में एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

इसे भी पढे : झारखंड में गिरे पुल-पुलियों पर हाईकोर्ट सख्त, ग्रामीण विकास सचिव से पूछा- दोषी अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई ?
क्या है मामला ?
सुनील तिवारी पर आरोप है कि उन्होंने एक नाबालिग घरेलू नौकरानी से जबरन काम कराया। इसी मामले में पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद अदालत ने उन्हें समन जारी किया था।समन जारी होने के बाद सुनील तिवारी ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। उन्होंने 22 अप्रैल को यह याचिका दाखिल की थी। दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद अदालत ने आदेश सुरक्षित रख लिया था।
हालांकि, आदेश सुनाए जाने से पहले ही सुनील तिवारी की ओर से याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्होंने अदालत में सरेंडर किया और नियमित जमानत की मांग की.
यौन शोषण का आरोप भी
सुनील तिवारी का नाम एक अन्य मामले में भी सामने आ चुका है। उन पर यौन शोषण का आरोप लगाया गया था और उस मामले में उन्हें उत्तर प्रदेश के इटावा से गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उस मामले की कानूनी प्रक्रिया अलग से जारी है. फिलहाल, बाल श्रम और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले में अदालत से जमानत मिलने के बाद आगे की सुनवाई नियमानुसार जारी रहेगी.
इसे भी पढे : रेलवे में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी,फर्जी DRM कर्मी गिरफ्तार
