RANCHI/GIRIDIH : झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान राजेंद्र नगर, बभनटोली निवासी ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है. ऋतिक के पिता झारखंड पुलिस में एसआई के पद पर तैनात हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
दोस्तों के साथ फास्टफूड खाने गया था ऋतिक
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे ऋतिक अपने दो दोस्तों शुभम दास और राजा गुप्ता के साथ कार से बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट पहुंचा था. इसी दौरान वहां कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया.मृतक के साथी शुभम दास के मुताबिक, पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने करीब 8 से 10 साथियों के साथ वहां पहुंचा था. आरोप है कि युवकों ने ऋतिक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी.
बांस की फराठी से हमला, अस्पताल में तोड़ा दम
आरोप है कि पहले ऋतिक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और फिर बांस की फराठी से हमला किया गया. इस दौरान ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे बचाने की कोशिश में उसके दोनों दोस्त भी घायल हो गए. घटना के बाद ऋतिक को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. ऋतिक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई. पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में लगी है. रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर फास्टफूड खाने गए ऋतिक के साथ ऐसा क्या हुआ कि विवाद उसकी हत्या तक पहुंच गया. मामले में पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
