RANCHI : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई. हादसा रात करीब तीन बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई। कार में चार लोग सवार थे. उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को गैस कटर की मदद लेनी पड़ी.
हादसे के बाद ट्रक मालिक ने दावा किया कि कार में सवार लोगों ने शराब पी रखी थी. उसके मुताबिक, कार के भीतर उसे शराब और खाने-पीने की सामग्री दिखाई दी. हालांकि, शराब पीने के इस दावे की फिलहाल पुलिस या मेडिकल जांच से पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. जांच में कार की गति, सड़क पर खड़े खराब ट्रक की स्थिति और चालक की परिस्थितियों समेत अन्य पहलुओं को देखा जा रहा है. इस हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. अब जांच से यह स्पष्ट होना बाकी है कि आखिर उस रात मरीन ड्राइव पर यह दर्दनाक हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.
