RANCHI : निशा भगत की मौत के बाद अब इस मामले में एक और अहम आवाज सामने आई है. IRS अधिकारी निशा उरांव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर साफ कर दिया है कि निशा भगत को न्याय दिलाने की लड़ाई में वह पीछे हटने वाली नहीं हैं. उन्होंने इस मामले में सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई है. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला, तो इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर तक उठाया जाएगा.
निशा उरांव ने अपने पोस्ट में बताया कि घटना वाले दिन उनकी निशा भगत से आखिरी बार बातचीत हुई थी. इस बातचीत को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह सच्चाई सामने लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी. उनका कहना है कि निशा भगत को न्याय मिलना जरूरी है और इस मामले को अंजाम तक पहुंचाने के लिए वह अपनी भूमिका निभाएंगी.
सिर्फ निशा भगत नहीं, महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी उठेगी आवाज
IRS अधिकारी निशा उरांव ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई केवल निशा भगत मामले तक सीमित नहीं रहेगी. वह महिला सुरक्षा, सामाजिक न्याय और समाज से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी मजबूती से उठाएंगी.
लाइव वीडियो के बाद सामने आया था मौत का मामला
गौरतलब है कि आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी. घटना से कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक पर करीब 10 मिनट तक लाइव आकर अपनी परेशानियों और संघर्षों को साझा किया था. लाइव के दौरान उन्होंने कथित तौर पर जमीन माफियाओं, सोशल मीडिया पर चरित्र हनन, धमकियों और प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था.
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई. वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं. अब IRS अधिकारी निशा उरांव के सामने आने से इस मामले में न्याय की मांग को नई आवाज मिली है. सवाल यही है कि निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कब पूरी होगी और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा?
