रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस शनिवार को उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर शहर के लड्डू बाबू आम बागान में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विचारधारा, संगठन के इतिहास और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर चर्चा की गई. कार्यक्रम में राजद के जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया, जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह, जिला कमेटी के अन्य पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष तथा पंचायत स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे.

लालू प्रसाद यादव के योगदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक और सामाजिक योगदान का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने गरीबों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूत करने का प्रयास किया.
उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई सहित जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी समय-समय पर आंदोलन किए गए और पार्टी लगातार आम लोगों के हितों की आवाज़ उठाती रही है.
संगठन को मजबूत करने की अपील
स्थापना दिवस समारोह के दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से राजद की विचारधारा और सामाजिक न्याय के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का आह्वान किया। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई.
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना 5 जुलाई 1997 को हुई थी। उनके अनुसार, स्थापना दिवस केवल संगठन की वर्षगांठ नहीं, बल्कि पार्टी के इतिहास, उसके संघर्षों और मूल उद्देश्यों को याद करने का अवसर भी है.
सामाजिक न्याय की विचारधारा पर दिया ज़ोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजद सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुँचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया. स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की.
