RANCHI/GIRIDIH : सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों की सुविधा और प्रशासनिक संवेदनशीलता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन गिरिडीह समाहरणालय की एक तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है. यहां अपनी समस्या लेकर पहुंची एक दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं हो सकी. आखिरकार महिला को अपने पति के कंधे का सहारा लेकर कार्यालय तक पहुंचना पड़ा.
मामला डुमरी प्रखंड की रहने वाली श्याम कुमारी देवी से जुड़ा है. श्याम कुमारी देवी पैरों से दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं. वह राशन कार्ड से संबंधित समस्या के समाधान के लिए गिरिडीह समाहरणालय पहुंची थीं. बताया जा रहा है कि खाद्य आपूर्ति विभाग के एमओ की ओर से उन्हें समस्या के सिलसिले में कार्यालय बुलाया गया था.

पति के कंधे का सहारा लेकर पहुंचीं कार्यालय
जानकारी के अनुसार, सुबह की ठंड के बीच श्याम कुमारी देवी अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से गिरिडीह समाहरणालय पहुंचीं. लेकिन समाहरणालय परिसर में पहुंचने के बाद उनकी परेशानी और बढ़ गई. चलने में असमर्थ होने के कारण उन्हें खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय तक पहुंचने के लिए पति के कंधे का सहारा लेना पड़ा. परिसर में व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं होने के कारण महिला को इस तरह की परेशानी उठानी पड़ी. इस दौरान उनके पति को भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
समाहरणालय में दिव्यांगों की सुविधा पर उठे सवाल
इस घटना ने जिला मुख्यालय में दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. समाहरणालय में प्रतिदिन जिले के अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचते हैं. ऐसे में दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. श्याम कुमारी देवी के पति का कहना है कि अगर समाहरणालय में व्हीलचेयर की व्यवस्था होती, तो उनकी पत्नी को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती. मजबूरी में उन्हें कंधे का सहारा देकर कार्यालय तक ले जाना पड़ा.
प्रशासन से व्हीलचेयर और सुगम आवागमन की मांग
अब सवाल यह है कि जब जिला मुख्यालय में ही दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो अन्य सरकारी कार्यालयों में उनकी सहूलियत के लिए क्या व्यवस्था होगी? जरूरत है कि जिला प्रशासन समाहरणालय सहित सभी प्रमुख सरकारी कार्यालयों में व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करे. साथ ही दिव्यांगजनों के लिए रैंप और सुगम आवागमन की व्यवस्था भी हो, ताकि किसी जरूरतमंद को अपनी समस्या बताने के लिए इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
