RANCHI : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पैसे दोगुने करने और सचिवालय में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से 27.54 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है.
इसे भी पढ़ें : रिम्स-2 निर्माण पर NCST की रोक 222 एकड़ जमीन अधिग्रहण पर मांगी रिपोर्ट
बड़ा घाघरा की रहने वाली ज्योति सिंह ने डोरंडा थाना में पत्थर रोड, मनीटोला निवासी सुरेश राम और उसके दो बेटों बिट्टू व उत्कर्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.
आरोपियों पर धोखाधड़ी, ठगी और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है.
पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2023 में रजनी देवी के माध्यम से उनकी मुलाकात आशा देवी यानी सुरेश राम की पत्नी से हुई थी.
इसके बाद सुरेश राम, आशा देवी और उनके बेटे उत्कर्ष व बिट्टू ने पीड़िता को झांसा दिया कि वे सचिवालय में सरकारी नौकरी लगवा देंगे, बुटीक में निवेश कर मुनाफा कमाएंगे और पैसे डबल कर देंगे.
उनके झांसे में आकर पीड़िता ने 3 सितंबर 2023 से 19 मार्च 2026 के बीच कुल 27.54 लाख रुपये आरोपियों को दिए.
इस राशि को जुटाने के लिए ज्योति ने अपने पति के नाम पर बैंक से लोन, खुद और बहन के सोने के जेवर पर गोल्ड लोन और महिला समिति से कर्ज लिया था.
इसमें से 9.84 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए और 17.69 लाख रुपये नकद दिए गए.16.26 लाख लौटाए, 11.27 लाख अभी बकाया.
जब काफी समय बाद भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़िता ने पैसे वापस मांगे. दबाव बढ़ने पर आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में कुल 16.26 लाख रुपये वापस किए.
लेकिन 11.27 लाख रुपये देने में टालमटोल करने लगे.पीड़िता का आरोप है कि 10 मई 2026 की सुबह 11 बजे आरोपी बिट्टू, उत्कर्ष और सुरेश राम उसके घर पहुंचे और समाज में इज्जत खराब करने और जान से मारने की धमकी दी.
बाद में जब पीड़िता उनके घर गई तो दिल्ली में रहने वाले बेटे बिट्टू ने फोन पर कहा कि “पैसे भूल जाओ, नहीं तो जान से मरवा देंगे”. पीड़िता ने बिट्टू पर गलत नीयत रखने का भी आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें : शराब घोटाला मामला पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव ED कार्यालय पहुंचे, होगी पूछताछ
