रांची : झुलसाती गर्मी से परेशान झारखंड के लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है. माना जा रहा है कि मौसम में यह बदलाव कमजोर पड़ चुके मानसून को फिर से सक्रिय करने में मददगार साबित हो सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची, संताल और कोल्हान प्रमंडल समेत राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है.

इसे भी पढे : रांची RSS कार्यालय हमले में बड़ा खुलासा , ISI और आतंकी नेटवर्क से जुड़े तार
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, झारखंड से लेकर आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. यह प्रणाली तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, विदर्भ और तमिलनाडु के हिस्सों से होकर गुजर रही है. वहीं मानसून ट्रफ रेखा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. मौसम विभाग का कहना है कि यही परिस्थितियां राज्य में बारिश के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही हैं.
अगले दो दिनों के दौरान रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं. इनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
हालांकि गुरुवार को रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही और तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. पलामू का मेदिनीनगर 42 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. इसके अलावा बोकारो में 38.1 डिग्री, चाईबासा में 36.8 डिग्री, जमशेदपुर में 36.6 डिग्री और राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह बारिश झारखंड में मानसून की रफ्तार को फिर से मजबूत कर पाएगी. फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
