HAZARIBAGH/RANCHI : झारखंड के हजारीबाग में बुधवार की अहले सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. शहर के हरहुरू स्थित शहीद सुभाष बरला मार्ग पर दो घरों में सुबह से चल रही छापेमारी अब खत्म हो गई है. जांच के बाद NIA की टीम कई अहम सामान और दस्तावेज अपने साथ लेकर गई है.जानकारी के अनुसार, जिन दो घरों में छापेमारी की गई, वे घर उदय साव और प्रदीप साव के हैं. दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हाल के दिनों में ही उन्होंने हजारीबाग में अपने मकान का निर्माण कराया था.

छापेमारी में कई प्रिंटर और जरूरी दस्तावेज जब्त
छापेमारी के दौरान NIA की टीम ने घरों की गहन तलाशी ली. इस दौरान कई प्रिंटर और जरूरी दस्तावेज जब्त किए गए हैं. टीम इन सभी सामानों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई.सूत्रों के मुताबिक, NIA की यह पूरी कार्रवाई फेक करेंसी यानी नकली नोटों से जुड़े मामले को लेकर की गई है. हालांकि, छापेमारी के पीछे की वास्तविक वजह, जब्त किए गए सामान की विस्तृत जानकारी और दोनों भाइयों की भूमिका को लेकर जांच एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल NIA की इस कार्रवाई के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं. जांच एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.
इसे भी पढ़े : बारिश थमने के बाद बढ़ेगी ठंड, रांची में 17 डिग्री तक गिर सकता है पारा
