RANCHI : गुमला विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर युवा नेता मिसिर कुजूर लगातार आवाज उठा रहे हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को उन्होंने झारखंड-छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) के पुनर्निर्माण की मांग जिला प्रशासन के समक्ष उठाई. मिसिर कुजूर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गुमला उपायुक्त के जनता दरबार पहुंचा और शंखमोड़, माझाटोली से लेकर रायडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित खटखोर बगीचा तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण को लेकर लिखित आवेदन सौंपा.
इस दौरान उन्होंने उपायुक्त को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि यह मार्ग गुमला विधानसभा क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है. सड़क जर्जर होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मिसिर कुजूर ने जिला प्रशासन से इस जनहित के मुद्दे पर गंभीरता से संज्ञान लेने और संबंधित विभाग के माध्यम से सड़क के जल्द पुनर्निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है.
इस दौरान अशरफ राय, लालो, तस्लीम खान, शैलेस कुमार झा, निलेश कुमार झा और कमल किशोर किसान सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
