RANCHI : झारखंड में नवंबर की शुरुआत बारिश और बादलों के साथ हुई, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 नवंबर से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी. वहीं, 5 नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है. बारिश का दौर थमने के साथ ही सुबह और रात के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड का एहसास बढ़ने लगेगा.
6 नवंबर तक 17 डिग्री पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर की सुबह रांची में कुहासा या धुंध छायी रह सकती है. इसके बाद आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. 5 नवंबर से सुबह धुंध के बाद मौसम मुख्य रूप से साफ रह सकता है. वहीं, 6 और 7 नवंबर को भी सुबह कुहासा रहने के बाद आसमान साफ रहने की संभावना है.
रांची के लोगों को सुबह और रात में बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. ऐसे में 6 नवंबर तक रांची का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है.
फिलहाल रांची का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है.
9 नवंबर को भी सुबह छाया रह सकता है कुहासा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 नवंबर को भी सुबह धुंध रहने के बाद आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. ऐसे में सुबह स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों को कुहासे और ठंड का सामना करना पड़ सकता है.
गिरिडीह में सबसे ज्यादा बारिश, लातेहार रहा सबसे ठंडा
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक दर्ज की गई. इस दौरान गिरिडीह जिले के बरकीसुरैया में सबसे अधिक 20.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, लातेहार में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में इस अवधि के दौरान बारिश नहीं हुई. मौसम केंद्र के अनुसार, 3 नवंबर को राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में बारिश या गरज-चमक की संभावना जताई गई थी. हालांकि, 4 नवंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है.
अब सुबह और रात में बढ़ेगी ठिठुरन
कुल मिलाकर नवंबर के पहले सप्ताह के अंत तक झारखंड में मौसम शुष्क होने के संकेत हैं. बारिश और बादलों की विदाई के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और देर रात ठंड बढ़ेगी. ऐसे में लोगों को अब मौसम में बदलाव के साथ गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी.
