RANCHI : झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने तकनीकी एवं विशेष योग्यता आधारित संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 615 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें नियमित और बैकलॉग दोनों तरह के पद शामिल हैं.
लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है. भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में नियुक्तियां होंगी.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर के स्कूल परिसर में नाबालिग का शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म की आशंका से हड़कंप
विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग पद शामिल
इस भर्ती में कई विभागों के अलग-अलग पद शामिल किए गए हैं. इनमें सहायक कीट विज्ञानवेत्ता, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी, वेक्टर जनित रोग निरीक्षक, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, कनीय सांख्यिकी सहायक, गव्य तकनीकी पदाधिकारी, मत्स्य पर्यवेक्षक, अंकेक्षक, कनीय वैज्ञानिक सहायक और प्रयोगशाला सहायक जैसे पद शामिल हैं.
वैज्ञानिक और लैब सहायक पदों के लिए अनुभव भी जरूरी
हर पद के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है.
- कुछ पदों के लिए विज्ञान विषय में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री जरूरी है.
- सांख्यिकी से जुड़े पदों के लिए गणित, अर्थशास्त्र या सांख्यिकी विषय के साथ ग्रेजुएशन अनिवार्य किया गया है.
- डेयरी और मत्स्य विभाग के पदों के लिए संबंधित विषय में विशेष डिग्री मांगी गई है.
- वैज्ञानिक सहायक और प्रयोगशाला सहायक पदों के लिए संबंधित विषय में ऑनर्स या विशेष अनुभव जरूरी होगा.
इसे भी पढे़ं : जर्जर सड़क बनी मुसीबत, बारिश में गड्ढों से भरे रास्ते पर चलना हुआ मुश्किल
सामान्य और EWS अभ्यर्थियों के लिए 35 वर्ष सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष तय की गई है.
- सामान्य और EWS वर्ग के लिए अधिकतम उम्र 35 वर्ष
- पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग पुरुष के लिए 37 वर्ष
- महिला उम्मीदवारों के लिए 38 वर्ष
- एससी/एसटी वर्ग के लिए अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है.
दो चरणों में होगी परीक्षा, 1 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
भर्ती परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी – प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा. प्रारंभिक परीक्षा में कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा. इसमें सामान्य अध्ययन, झारखंड सामान्य ज्ञान, गणित, विज्ञान और मानसिक क्षमता से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे.
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू होगी और 30 जून 2026 तक चलेगी. इच्छुक अभ्यर्थी JSSC की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. अगर आवेदन फॉर्म में किसी प्रकार की गलती हो जाती है, तो आयोग 5 जुलाई से 10 जुलाई तक सुधार का मौका भी देगा.
