SAHEBGANJ/RANCHI : झारखंड में 2029 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है. भाजपा के सरकार बनाने के दावे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने भाजपा के दावों को मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार देते हुए कहा कि 2029 के चुनाव में संताल परगना पूरी तरह भाजपा मुक्त हो जाएगा. उन्होंने यहां तक दावा किया कि भाजपा के पास इतने विधायक भी नहीं बचेंगे कि वह विधानसभा में विपक्ष का पद हासिल कर सके. पंकज मिश्रा ने कहा कि संताल परगना में भाजपा का जो एक टिमटिमाता हुआ तारा बचा है, वह भी 2029 के चुनाव में खत्म हो जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सरकार बनाने की बात तो दूर, पार्टी विपक्ष के नेता के पद के लायक भी नहीं रह जाएगी. मिश्रा ने भाजपा के सरकार बनाने के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि फिलहाल पार्टी को ऐसे सपने देखने से बचना चाहिए.
मंईयां सम्मान योजना के बहाने गोगो दीदी योजना पर निशाना
JMM प्रवक्ता ने अपने बयान में मंईयां सम्मान योजना और भाजपा की प्रस्तावित गोगो दीदी योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2024 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था और अब महिलाओं के खातों में यह राशि पहुंच रही है.
वहीं, भाजपा पर सवाल उठाते हुए पंकज मिश्रा ने कहा कि 2024 के चुनाव के दौरान भाजपा के नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में गांव-गांव जाकर गोगो दीदी योजना के फॉर्म भरवाए थे. उन्होंने सवाल किया कि महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने का वादा कब पूरा होगा? मिश्रा ने भाजपा पर झूठे वादे और झूठ की राजनीति करने का आरोप भी लगाया.
मोरंग नदी छठ घाट निर्माण का भी उठा मुद्दा
राजनीतिक बयानबाजी के बीच पंकज मिश्रा ने मोरंग नदी छठ घाट का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग छठ घाट की समस्या से परेशान हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले छठ पर्व तक यहां छठ व्रतियों की सुविधा के लिए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा.
फिलहाल, पंकज मिश्रा के इस बयान ने झारखंड की राजनीति में भाजपा और झामुमो के बीच आरोप-प्रत्यारोप को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. खासकर संताल परगना में राजनीतिक वर्चस्व और महिलाओं से जुड़े चुनावी वादों को लेकर दोनों दलों के बीच आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.
