RANCHI : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा के राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह एक नाबालिग किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्कूल पहुंची आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य ने सबसे पहले शव देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
इसे भी पढ़ें : जर्जर सड़क बनी मुसीबत, बारिश में गड्ढों से भरे रास्ते पर चलना हुआ मुश्किल
किशोरी की स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि किशोरी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका भी जताई जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अब तक किशोरी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और परिजनों का पता लगाने की कोशिश में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किशोरी स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची. मामले की तह तक जाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
इसे भी पढ़ें : कसमार की छोटी कुमारी बनीं स्टेट टॉपर, DC अजय नाथ झा ने किया सम्मानित
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
