Pakur : सदर प्रखंड के बाहिरग्राम से पत्थरघट्टा गांव तक जाने वाली सड़क इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है. सड़क की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है. पानी से भरे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. कई बार बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं, वहीं राहगीरों का सामान भी पानी में गिरकर खराब हो रहा है.

जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, जल निकासी नहीं होने से बढ़ी मुश्किलें
यह सड़क हजारों ग्रामीणों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए आते-जाते हैं. लेकिन सड़क की जर्जर हालत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों ने विभाग और संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. सड़क के किनारे उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है.
इसे भी पढ़ें : कसमार की छोटी कुमारी बनीं स्टेट टॉपर, DC अजय नाथ झा ने किया सम्मानित
बरसात शुरू होते ही सड़क किनारे दुकानदारों को भी जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ता है. दुकानों के सामने पानी भर जाने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापार पर भी असर पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
