RANCHI : झारखंड में दो दिनों तक कमजोर रहने के बाद मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 17 जून को रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड : 17 वर्षीय नाबालिग से कथित दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़ और बोकारो में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है.
इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है.
18 जून को भी इसी तरह का मौसम बने रहने के संकेत हैं.वहीं 19 जून से मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है.
रांची सहित 17 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, वज्रपात और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इधर मॉनसून के कमजोर पड़ने से राज्य के कई हिस्सों में तापमान बढ़ गया है. मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रांची में 34.4 डिग्री, जमशेदपुर और चाईबासा में 39.4 डिग्री तथा बोकारो में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड राज्यसभा चुनाव : बंधु तिर्की के तीन भाजपा विधायक वाले दावे से बढ़ी सियासी हलचल
