RANCHI : झारखंड में अगस्त महीने के दौरान रुक-रुक कर बारिश कराने वाला मानसून सितंबर के शुरुआती दिनों में भी सक्रिय रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 5 सितंबर तक गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश होने की संभावना है. India Meteorological Department Ranchi ने सोमवार सुबह जारी मौसम बुलेटिन में इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
अगस्त का आखिरी दिन यानी सोमवार, 31 अगस्त को भी झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. धनबाद में रविवार रात कई इलाकों में हल्की से लेकर तेज बारिश हुई. सोमवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में फुहारें पड़ रही हैं.

धनबाद समेत आसपास के जिलों में बदला मौसम, बूंदाबांदी से बढ़ी ठंडक
मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, राज्य में मौसम के बदले मिजाज की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर है. अगले 24 घंटे में इसके पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय क्षेत्रों और ओडिशा से होते हुए पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार लो प्रेशर के केंद्र से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ट्रफ के रूप में झारखंड के ऊपर फैला हुआ है। इसके प्रभाव के कारण राज्य में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.
सोमवार सुबह धनबाद में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में बादल छाए हुए हैं और धूप साफ तौर पर नहीं निकली है. धनबाद के अलावा आसपास के जिलों बोकारो, गिरिडीह और जामताड़ा में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी हो रही है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
IMD Ranchi की ओर से सोमवार सुबह जारी अलर्ट के मुताबिक बोकारो, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, खूंटी, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ हिस्सों में हल्की से लेकर तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं.
